गरीब परिवार से आये हैं PM मोदी,विपक्ष को यही अखरता है: केशव प्रसाद मौर्य

पीलीभीत , उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि गरीब परिवार से निकले नरेंद्र मोदी आज देश के प्रधानमंत्री बने हैं। यही बात विपक्षी पार्टियों को खटकती है। यही कारण है कि वे लोग जनता को गुमराह करने के प्रयास ने निरंतर लगे रहते हैं।

सेवा पखवाड़े के तहत भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मौर्य ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उनका हर बार का बयान सिर्फ “बांटो और राज करो” ही होता है। कटाक्ष के साथ उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि अखिलेश यादव की यूपी में और राहुल गांधी के लिए देश में 2047 तक कोई वेकेंसी नहीं है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग पर प्रश्नचिह्न लगाकर जनता को गुमराह करने का काम करता है, जबकि वास्तविकता यह है कि अब बूथ कैप्चरिंग जैसे तरीके काम नहीं आते, जनता की अदालत में फैसले होते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में गुंडागर्दी के सहारे चुनाव जीते जाते थे,अब भाजपा शासन में गुंडे प्रदेश से बाहर हो गए हैं। इसीलिए जनता का प्रत्याशी ही अब जीत का वरण करता है और विपक्ष को केवल निराशा हाथ लगती है।

उन्होंने हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जनता ने विपक्ष को करारा जवाब दिया। अब बिहार की बारी है और एनडीए गठबंधन बहुमत से जीत दर्ज करने जा रहा है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी स्वास्थ्य को लेकर विशेष अपील की है। इसी के अंतर्गत जगह-जगह मेडिकल कैंप लगाए जा रहे हैं। जहां महिलाओं समेत सभी लोगों की जांच निशुल्क की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे अपने घरों की महिलाओं को इन मेडिकल कैंपों में ले जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं, क्योंकि नारी स्वस्थ होगी तो देश स्वस्थ होगा।

इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button