बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी, तेजस्वी होंगे मुख्यमंत्री : अखिलेश यादव
लखनऊ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को बिहार के सराय रंजन, सीतामढ़ी और छपरा विधानसभा क्षेत्रों में तीन विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने इन सभाओं में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
उन्होंने सराय रंजन विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी अरविन्द साहनी, सीतामढ़ी में सुनील कुशवाहा तथा छपरा में राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी खेसारी लाल यादव के समर्थन में जनसभाएं कीं।
अखिलेश यादव ने कहा कि “बिहार की जनता इस बार बदलाव के लिए वोट करने जा रही है। भाजपा का सफाया होना तय है। भाजपा ने बिहार को केवल गरीबी और पलायन दिया है। भाजपा केंद्र में 10 साल और यहां के मुख्यमंत्री 20 साल से सत्ता में हैं,अब बिहार की जनता 30 सालों का हिसाब मांगेगी।”
उन्होंने कहा कि बिहार के नौजवानों के पलायन के लिए भाजपा जिम्मेदार है। अब बिहार की जनता भाजपा का पलायन कराएगी। यह चुनाव बिहार और उसके युवाओं के भविष्य का चुनाव है। बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और श्री तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा झूठ बोलने वाली और धोखेबाज पार्टी है। उसने नौजवानों को नौकरी देने, किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादे किए, पर कोई वादा पूरा नहीं किया।
छपरा की जनसभा में उन्होंने कहा कि “छपरा के लोग इस बार छप्पर फाड़ कर खेसारी लाल को वोट देंगे। बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है, भाजपा बाहर जा रही है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा ने भारी-भरकम जीएसटी लगाकर महंगाई बढ़ाई और जनता की जेब काटी। अब वे जीएसटी का उत्सव मना रहे हैं जबकि जनता जानती है कि बेरोजगारी और महंगाई के लिए भाजपा ही जिम्मेदार है।
अखिलेश यादव ने कहा कि “जब छपरा से खेसारी जीतेंगे तो तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। हम नौजवानों को नौकरी देंगे, सिलेंडर 500 रुपये में देंगे, माताओं-बहनों को 2500 रुपये महीना और 200 यूनिट मुफ्त बिजली देंगे।”
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे तो आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की तरह बिहार में भी सड़कें बनेंगी। 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। “तेजस्वी यादव छपरा को पटना से जोड़ेंगे और हम छपरा को लखनऊ से जोड़ देंगे। हम मिलकर यूपी और बिहार को दिल्ली से जोड़ देंगे,”।





