45 लाख करोड़ रुपए के निवेश से यूपी में हो रहा विकास कार्य: ब्रजेश पाठक

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि 45 लाख करोड़ रुपए के निवेश से प्रदेश में काफी कार्य कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब लोगों को जाम में नहीं फंसना पड़ता है। प्रदेश के सभी जिलों में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। पहले यात्रियों को लखनऊ एयरपोर्ट तक पहुंचने में जाम में डेढ़ से दो घंटे तक का समय लगता था लेकिन अब ऐसा नहीं है।
शुक्रवार को इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ़ कॉमर्स द्वारा आयोजित इंडो यूपी यूएस इकोनॉमिक समिट-2025 कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि “पहले निवेशक उत्तर प्रदेश में आने से घबराते थे। प्रदेश में अपराधी खुलेआम सड़कों पर घूमते थे। व्यापारी उनके निशाने पर रहते थे।”
उन्होंने कहा कि “आज का नया उत्तर प्रदेश विकास पथ पर अग्रसर है। प्रदेश में बिजली, पानी और सड़क की व्यवस्था विश्वस्तरीय है। पिछली सरकारों में प्रदेश में एक हजार से अधिक दंगे हुए लेकिन आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। देश-विदेश से निवेशक यूपी आ रहे हैं।” मेडिकल के क्षेत्र में प्रदेश ने काफी तरक्की की है। सरकारी अस्पतालों में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पाठक ने कहा कि डिफेंस सेक्टर में भी काफी काम हो रहा है। सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में नंबर वन पर लाने का है। इसके लिए सरकार दिन-रात कार्य कर रही है। हर तबके का भरोसा सरकार पर है।





