कफ सिरप के नाम पर नकली दवाओं का कारोबार भाजपा के संरक्षण में: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के संरक्षण में कफ सिरप के नाम पर नकली दवाएं और जहर बेचा जा रहा है।

अखिलेश यादव ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार में तमाम तरह का अवैध और नशे का कारोबार हो रहा है। अवैध कारोबारियों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और अवैध कारोबार का सारा साम्राज्य भाजपा सरकार में खड़ा हुआ है। इसमें ऊपर से नीचे तक सब मिले हुए हैं। भाजपाई एक तरफ भ्रष्टाचार करके सरकारी बजट लूट रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में नकली सामान और दवाएं बनाकर जनता को लूटा जा रहा है।

उन्होने कहा कि भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस का दावा करते हुए बड़ी-बड़ी लफ्फाजी करने वाले अब कहां गुम हो गये हैं। नकली और जहरीली सिरप के हजारों करोड़ के अवैध कारोबार पर चुप्पी क्यों है। भाजपा सरकार में प्रदेश में अराजकता चरम पर है। भ्रष्टाचार और लूट की पराकाष्ठा है। यूपी में ऐसा फर्जीवाड़ा कभी नहीं हुआ था। भाजपा का भ्रष्ट सिस्टम प्रदेश की जनता को बीमार और बेहाल बना रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में लोगों की जान की कोई कीमत नहीं रह गयी है। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त हैं। जनता को ढंग से इलाज नहीं मिल पा रहा है। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में अस्पतालों में मिलने वाली दवाओं की गुणवत्ता को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं। सरकार आज तक उन सवालों का जवाब नहीं दे पायी। पूरे प्रदेश में नकली और जहरीली कफ सिरप खुले आम बेची गयी। भाजपा सरकार ने इन दवा माफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं की। जनता को लूट कर ये अपना साम्राज्य बढ़ाते रहे और सरकार देखती रही। सरकार बताएं कि जनता की जान से खेलने वालों पर बुलडोजर क्यों नहीं चला।

उन्होने कहा कि दरअसल भाजपा-माफिया एक सिक्के के दो पहलू है। भाजपा सरकार में हर क्षेत्र में नए-नए माफिया बन गए हैं। कहीं भूमाफिया है तो कहीं नकली दवा माफिया और अवैध लकड़ी माफिया प्रदेश में लूट मचाएं हुए है। सत्ता और माफियाओं का गठजोड़ प्रदेश को खोखला बना रहा है। प्रदेश की जनता सब देख रही है। जनता 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर भाजपाई सत्ता के संरक्षण में चल रहे, इस अवैध खेल को खत्म कर देगी।

Related Articles

Back to top button