चुनावी राज्यों की तैयारी में जुटी कांग्रेस, असम चुनाव के लिए दिल्ली में बनाई जाएगी रणनीति

नयी दिल्ली, कांग्रेस पार्टी असम, तमिलनाडु, केरल और पश्चिम बंगाल में चुनावी तैयारी में जुट गयी है जहां अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव संभावित है। इन राज्यों के नेताओं को एक-एक करके दिल्ली बुलाया जा रहा है और पहली बैठक 16 जनवरी को होगी।

कांग्रेस असम विधानसभा चुनाव में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। यही वजह है कि पार्टी के बड़े नेताओं को लगातार बड़ी ज़िम्मेदारी असम में दी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस 16 जनवरी को दिल्ली इंदिरा भवन में बैठक बुलाई है, बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, असम कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह, असम अध्यक्ष गौरव गोगोई समेत प्रदेश के कुछ और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस बैठक में असम में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंथन किया जाएगा, चुनावी मुद्दे, संगठन की स्थिति, असम मुख्यमंत्री के चुनावी अभियान को चुनौती देने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भी असम में प्रदेश अध्यक्ष गोगोई के साथ महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी दी जाएगी। असम विधानसभा चुनाव तक प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करने की रणनीति पटवारी बनाएंगे। असम कांग्रेस की तरफ से भारत जोड़ो यात्रा के तर्ज़ पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले यात्रा की मांग भी की जा रही है।

गौरतलब है कि असम में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए कांग्रेस ने अपने कई वरिष्ठ नेताओं को पहले ही ज़िम्मेदारी सौंपी है, जिसमें वायनाड सांसद प्रियंका गांधी को स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है साथ ही कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और झारखंड के पूर्व मंत्री बंधू तिर्की को पर्यवेक्षक नियुक्ति किया है। तीनों नेता प्रदेश में चुनावी मैनेजमेंट का जिम्मा संभालेंगे।

Related Articles

Back to top button