बसपा अकेले दम पर लड़ेगी विधानसभा चुनाव

लखनऊ, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा),कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सावधान रहने की नसीहत देते हुये कहा कि उनकी पार्टी 2027 में विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ेगी।
मायावती ने गुरुवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बसपा कैडरों को विपक्षी दलों की चालबाजी से सतर्क रहना चाहिये और किसी भी भ्रम में पड़ना नहीं चाहिये। कैडरों को विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरे जोर शोर से जुटने की जरुरत है ताकि 2027 में एक बार फिर अकेले दम पर बसपा की सरकार बन सके।
उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेट्रो, जेवर हवाई अड्डा और विभिन्न एक्सप्रेस वे के निर्माण की रूपरेखा बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार के समय तैयार की गई थी लेकिन कांग्रेस के अवरोध और व्यवधान से बसपा के विकास कार्यो को अमली जामा नही पहनाया जा सका।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि बसपा किसी से डरने या झुकने वाली नहीं है और आने वाले विधानसभा चुनाव पार्टी अकेले लड़ेगी।
मायावती ने कहा कि उनका जन्मदिन पार्टी कार्यकर्ता ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के रूप में मनाते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।





