मुख्यमंत्री योगी ने मायावती को जन्मदिन पर दी शुभकामनाएँ

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को उनके जन्मदिन के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रभु श्री राम से वह मायावती के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय व्यक्तित्वों का अनुभव और योगदान लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करता है। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई शुभकामनाओं के बाद राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों से भी मायावती को बधाइयाँ मिलने का सिलसिला जारी है। उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में जन्मदिन को उत्साहपूर्वक मनाया।
गौरतलब है कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री मायावती ने अपने 70वें जन्मदिन के अवसर पर एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश दिया। इस मौके पर उन्होंने समाजवादी पार्टी-कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए साफ कहा कि बसपा किसी से डरने या झुकने वाली नहीं है और आने वाले विधानसभा चुनाव पार्टी अकेले लड़ेगी।
मायावती ने कहा कि उनका जन्मदिन पार्टी कार्यकर्ता ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के रूप में मनाते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।





