शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी, सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा चढ़ा

मुंबई, ग्रीनलैंड पर अमेरिका के रुख में नरमी से घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में जबरदस्त तेजी देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा उछला।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यूरोप पर आयात शुल्क लगाने का फैसला पलटने और ग्रीनलैंड को हासिल करने के लिए बल प्रयोग से इनकार के बाद भारतीय शेयर बाजारों में निवेश धारणा मजबूत हुई है।

रुपये में तेजी लौटने से भी बाजार को समर्थन मिला। भारतीय मुद्रा फिलहाल 10 पैसे की बढ़त में 91.55 रुपये प्रति डॉलर पर है। बुधवार को यह 91.65 रुपये प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स 550.03 अंक की मजबूती के साथ 82,459.66 अंक पर खुला। कुछ ही देर में यह 874 अंक ऊपर 82,783 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाते समय यह पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 787.58 अंक (0.96 प्रतिशत) चढ़कर 82,697.21 अंक पर था।

इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 186.65 अंक ऊपर 25,344.15 अंक पर खुलकर 25,431 अंक तक चढ़ा। खबर लिखे जाते समय यह भी 247.30 अंक यानी 0.98 फीसदी की बढ़त में 25,404.80 अंक पर रहा। बाजार में तीन दिन बाद रौनक लौटी है। सभी सेक्टरों के सूचकांकों में अच्छी तेजी है।

सेंसेक्स की सभी कंपनियां हरे निशान में हैं। सूचकांक की बढ़त में सबसे ज्यादा योगदान भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज और महिंद्रा एंड महिंद्रा का है।

Related Articles

Back to top button