गांव-गांव, बूथ-बूथ जाकर पार्टी की विचारधारा पहुंचायें: अनुप्रिया पटेल

लखनऊ, अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पार्टी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि लक्ष्य बड़ा है और समय कम है, इसलिए गांव-गांव और बूथ-बूथ जाकर आम जनता तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाई जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों का यही जुनून पार्टी को बड़े लक्ष्य तक पहुंचाने की ताकत बनेगा।

सोमवार को पार्टी कैंप कार्यालय में आयोजित संगठन समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि आने वाला वर्ष चुनावों का है, जिसमें पंचायत और विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इन चुनावों में सफलता तभी संभव है, जब पार्टी का विचार और संगठन हर गांव व हर बूथ तक पहुंचे। इसके लिए सभी को पूरी मेहनत और समर्पण के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने पंचायत और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया और प्रदेश में चल रही चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी इस प्रक्रिया में अपनी महती भूमिका निभाते हुए योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने को प्राथमिकता दें, ताकि आगामी चुनावों में कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रह जाए।

संगठन समीक्षा बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सलाहकार एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य राजेन्द्र प्रसाद पाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओपी कटियार, राष्ट्रीय महासचिव आर.बी. सिंह, रामनयन पटेल, नागेंद्र पटेल, राष्ट्रीय सचिव विनोद गंगवार, गिरजेश पटेल, प्रदेश अध्यक्ष जाटव आरपी गौतम सहित पार्टी के विधायकगण एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button