नौ फरवरी को राज्यपाल करेंगी ‘गरिमा गृह’ का उद्घाटन

बस्ती, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल नौ फरवरी को बस्ती जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रौता मोहल्ले में ट्रांसजेंडर शेल्टर होम ‘गरिमा गृह’ का उद्घाटन करेंगी।
यह केंद्र ट्रांसजेंडर समुदाय के उत्थान और पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार ‘गरिमा गृह’ में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को एक ही छत के नीचे आवास, परामर्श, कौशल विकास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।





