घूसखोर पंडित’ पर साध्वी प्राची बोलीं,राष्ट्रहित में हों फिल्में, जातिवाद से ऊपर उठे समाज

मैनपुरी, विवादित फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर देशभर में जारी विरोध के बीच साध्वी प्राची शनिवार को मैनपुरी पहुंचीं। उनके आगमन पर विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने फूलमाला और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया तथा धर्म रक्षा के प्रतीक के रूप में तलवार भेंट की। फिल्म को लेकर विशेष रूप से ब्राह्मण समाज में नाराजगी देखी जा रही है।

मीडिया से बातचीत में साध्वी प्राची ने कहा कि समाज में अनेक प्रकार की फिल्में बन रही हैं, लेकिन वही फिल्में स्वीकार्य होनी चाहिए जो राष्ट्रहित और धर्म रक्षा का संदेश दें। उन्होंने मुंशी प्रेमचंद की कृति पर आधारित ‘गोदान’ जैसी फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक फिल्में समाज को सकारात्मक दिशा देती हैं। उनके अनुसार समाज को विभाजित करने वाली फिल्मों को प्रोत्साहन नहीं मिलना चाहिए।

ब्राह्मण समाज को निशाना बनाए जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि किसी भी समाज को फिल्मों के माध्यम से लक्ष्य बनाना उचित नहीं है। उन्होंने लोगों से जातिवाद से दूर रहने और राष्ट्र की एकता को सर्वोपरि रखने की अपील की। साध्वी के इस बयान से फिल्म को लेकर चल रही बहस को नया आयाम मिला है।

Related Articles

Back to top button