2027 की तैयारी में जुटे सपा कार्यकर्ता: डिंपल यादव

मैनपुरी, समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव ने शनिवार को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभी से जमीनी स्तर पर तैयारी शुरू करने का आह्वान किया।

चौहानपुर गांव में आयोजित पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। बैठक के दौरान सांसद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए ‘घूसखोर पंडित’ फिल्म का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में आने के बाद से समाज में विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के तहत ऐसे मुद्दों को उछाला जाता है और जनता को इसे समझने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि भाजपा शासनकाल में ही इस प्रकार की फिल्में क्यों सामने आती हैं।

बैठक के बाद डिंपल यादव सपा जिला उपाध्यक्ष महेंद्र यादव के आवास पर पहुंचीं, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका शॉल और बुके देकर स्वागत किया। इस मौके पर अवधेश यादव, संजय यादव, प्रवीन यादव, ऋषि यादव और डॉ. टीटू यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी चुनावों को लेकर संगठन को मजबूती प्रदान करना और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरना रहा।

Related Articles

Back to top button