मतदाता सूची से नाम कटवाने का आरोप, सपा नेता शैलेन्द्र यादव ललई ने उठाए सवाल

जौनपुर, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र यादव ‘ललई’ ने आरोप लगाया है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद फार्म-7 के माध्यम से नाम कटवाने की कार्रवाई में अनियमितताएं हो रही हैं।
शनिवार को शाहगंज नगर स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में शैलेन्द्र यादव ललई ने कहा कि जाति और धर्म के आधार पर मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का प्रयास लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर बड़ी संख्या में फार्म-7 जमा कर मतदाताओं के नाम हटाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर बड़ी संख्या में प्रिंटेड फार्म-7 जमा किए गए हैं। उनके अनुसार कानामऊ गांव के बूथ संख्या 381 एवं 382 पर 17 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए दिए गए फार्म प्रिंटेड हैं और उन पर आवेदकों के हस्ताक्षर या विवरण नहीं हैं। इसी प्रकार बड़ागांव के बूथ संख्या 126 पर एक ही व्यक्ति के नाम से 100 से अधिक आवेदन दिए जाने का आरोप लगाया गया।
शैलेन्द्र यादव ललई ने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी को लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनुचित तरीके से काटा गया तो पार्टी कानूनी और लोकतांत्रिक स्तर पर विरोध करेगी।
उल्लेखनीय है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अंतर्गत की जाती है। संबंधित अधिकारियों की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।




