गीजर फटने से आग लगी, पति की मौत, पत्नी घायल

नयी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में इलेक्ट्रिक गीज़र फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी और उसकी पत्नी घायल हो गयी। विस्फोट के बाद घर में आग लग गयी।
दिल्ली पुलिस ने रविवार को बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे हजरत निजामुद्दीन इलाके में आग लगने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद एक टीम मौके पर भेजी गयी। घर अंदर से बंद था, इसलिए पुलिस को दरवाजा तोड़ना पड़ा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “बचाव के दौरान मालिक मोहम्मद सैयद निजामी और उनकी पत्नी फिदा निजामी (45) बाथरूम में धुएं से बेहोश मिले।”
परिवार के दूसरे सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारी ने बताया कि दोनों पीड़ितों को मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद सैयद निजामी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी का इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।





