शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में तेजी

मुंबई, अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते और विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखी गई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 597.11 अंक की तेजी के साथ 84,177.51 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 359.55 अंक (0.43 प्रतिशत) ऊपर 83,580.40 अंक पर पहुंच था।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 195 अंक की बढ़त के साथ 25,888.70 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह भी 111.65 अंक यानी 0.43 फीसदी की बढ़त के साथ 25,805.35 अंक पर रहा।
सार्वजनिक बैंक, मीडिया, रियलटी,टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, आईटी, ऑटो, धातु, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों के शेयरों में ज्यादा तेजी रही। एफएमसीजी अकेला ऐसा क्षेत्र रहा जिसमें फिलहाल गिरावट है।
सेंसेक्स की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक और टाइटन के शेयर ऊपर चल रहे थे जबकि आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और आईटीसी में गिरावट थी।




