मध्यप्रदेश में 12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू, करीब 7 लाख छात्र दे रहे पहला पेपर

भोपाल, मध्यप्रदेश में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज मंगलवार से शुरू हो गई हैं, जिसमें प्रदेशभर के करीब 7 लाख छात्र शामिल हो रहे हैं। परीक्षाओं के आयोजन के लिए राज्य में कुल 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही हैं।
परीक्षा में नकल रोकने और परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड, सीसीटीवी निगरानी और प्रश्न-पत्रों को थानों से परीक्षा केंद्र तक ले जाने की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई है।
राजधानी भोपाल में 12वीं के 26 हजार 627 छात्र परीक्षा दे रहे हैं, जिनके लिए 104 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आज पहले दिन भोपाल में करीब 2600 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इस वर्ष प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में कुल 16 लाख से अधिक छात्र भाग ले रहे हैं, जिनमें 9 लाख 7 हजार छात्र 10वीं और करीब 7 लाख छात्र 12वीं के हैं।
वही प्रत्येक जिले में चार-चार फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं, जिनमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से भोपाल स्थित बोर्ड कार्यालय से सीधी निगरानी की जा रही है। जबकि माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा तिथियों की जानकारी सभी छात्रों तक समय पर पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी छात्र परीक्षा से वंचित न रह जाए।





