सेशेल्स के राष्ट्रपति का आगरा दौरा रद्द, ताजमहल पर्यटकों के लिए खुला

आगरा, सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा रद्द हो गया है। पुरातत्व विभाग के अनुसार राष्ट्रपति अपनी पत्नी के साथ ताजमहल का दीदार करने आगरा आने वाले थे, लेकिन आगमन से ठीक पहले कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। कार्यक्रम के तहत सुबह नौ बजे खेरिया एयरपोर्ट पर विशेष विमान से आगमन, वहां से शिल्पग्राम पहुंचकर स्वागत तथा भारतीय संस्कृति के प्रदर्शन के रूप में मयूर नृत्य का आयोजन प्रस्तावित था। इसके बाद गोल्फ कार्ट से ताजमहल के मुख्य द्वार तक पहुंचने की व्यवस्था की गई थी।

दौरे के मद्देनजर ताजमहल को सुबह नौ बजे से दोपहर करीब 12 बजे तक आम पर्यटकों के लिए बंद रखा जाना था, लेकिन कार्यक्रम रद्द होने के बाद स्मारक को निर्धारित समय पर पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। सुरक्षा के दृष्टिगत सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती और पुरातत्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई थी।

Related Articles

Back to top button