शंकराचार्य का अपमान सनातन परंपरा का अपमान : अजय राय

कौशांबी, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रयागराज कुंभ मेले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुआ व्यवहार सनातन परंपरा का अपमान है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
वह मंगलवार को नेशनल इंटर कॉलेज, भरवारी के स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय मंगलप्रसाद तिवारी की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
अजय राय ने कहा कि मंगलप्रसाद तिवारी वर्ष 1959 में सिराथू विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। उस समय शिक्षा का गंभीर संकट था, ऐसे में उन्होंने परिश्रम और समर्पण के साथ नेशनल इंटर कॉलेज की स्थापना की, जो क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और पुनीत कार्य था।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि गेरुआ वस्त्र धारण कर सनातन का ठेका लेने का दावा किया जाता है, जबकि कुंभ में शंकराचार्य को संगम स्नान से वंचित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ चल रहे ब्रह्मचारियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया, जो निंदनीय है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही है और महत्वपूर्ण ठेके बाहरी लोगों को दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को सदन में बोलने से रोका जाता है और लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लंघन हो रहा है।
कार्यक्रम में स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।





