भारत–अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में नोएडा किसान संगठन ने राष्ट्रपति के नाम दिया ज्ञापन

नोएडा, उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में नोएडा किसान संगठन ने भारत-अमेरिका के ट्रेड डील के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया।
भारत–अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (मंच) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी व किसानों ने गुरुवार सुबह सेक्टर 19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट आनंद मिश्रा को देश के राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता द्वारा प्रदर्शन स्थल से ज्ञापन सौंपने के दौरान कहा, ज्ञापन के माध्यम से भाकियू (मंच) ने भारत–अमेरिका व्यापार समझौते पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे किसान विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि इस ट्रेड डील से देश के किसानों की कमर टूट जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अमेरिकी किसानों के लिए जीरो टैरिफ लागू कर भारतीय बाजार खोल दिए हैं, जिससे भारतीय किसानों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और करीब सत्तर प्रतिशत आबादी की आजीविका कृषि से जुड़ी है, ऐसे में यह फैसला देश के भविष्य के लिए भी घातक साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अमेरिका के दबाव में फैसले ले रही है, जिस तरह ईस्ट इंडिया कंपनी के दौर में लंदन से नियम बनाकर भारत में लागू किए जाते थे, उसी तरह आज स्वतंत्र भारत में भी अमेरिका के प्रभाव में नीतियां बनाई जा रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘विदेशी छोड़ो, देशी अपनाओ’ जैसे नारों का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि जब देशी उत्पादों को बढ़ावा देने की बात की जाती है, तो फिर विदेशी कृषि एवं डेयरी उत्पाद क्यों मंगाए जा रहे हैं।
संगठन ने मांग किया कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील में तत्काल संशोधन किया जाए या इसे पूरी तरह वापस लिया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन (मंच) देशभर के किसान संगठनों के साथ मिलकर केंद्र सरकार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन मंच संगठन के कई कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




