आगरा में मेट्रो निर्माण के दौरान 30 फीट ऊंची ड्रिल मशीन फिसली, जनहानि टली

आगरा, उत्तर प्रदेश के आगरा में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को करीब 30 फीट ऊंची ड्रिल मशीन फिसल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

घटना प्रतापपुरा चौराहे पर उस समय हुई जब मेट्रो पिलर के लिए ड्रिलिंग का कार्य चल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अचानक जमीन धंसने लगी, जिससे भारी-भरकम ड्रिल मशीन असंतुलित होकर फिसल गई और पास के एक बंद पड़े दोमंजिला मकान पर टिक गई। हादसे में मकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ।

बताया गया है कि घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। मशीन ऑपरेटर ने सूझबूझ दिखाते हुए मशीन को आबादी से दूर बंद पड़े मकान की दिशा में मोड़ दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
हादसे की सूचना पर कई क्रेन मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद ड्रिल मशीन को सुरक्षित हटाया गया। संबंधित विभाग द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button