होली के रंग से सजने लगी है कान्हा नगरी, तैयारियां चरम पर

मथुरा,  उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में ब्रज की विश्व प्रसिद्ध लठामार और लड्डू होली को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन-प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को बरसाना स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने ‘रंगोत्सव 2026’ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बताया कि बरसाना को सात जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 56 पार्किंग स्थल, 94 बैरियर, 13 स्वास्थ्य केंद्र और पांच बाइक एम्बुलेंस की तैनाती की जा रही है। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और वॉच टावरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। एडीजी ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 24 फरवरी को लड्डू होली, 25 फरवरी को बरसाना की लठामार होली और 26 फरवरी को नंदगाँव की लठामार होली आयोजित की जाएगी। बरसाना और नंदगाँव के प्रमुख मंदिरों को फसाड लाइटिंग से सजाया जा रहा है। पूरे जिले में 23 भव्य प्रवेश द्वार और 12 सेल्फी प्वाइंट बनाए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को आकर्षक और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।

मंडलायुक्त ने जर्जर भवनों को हटाने, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा नकली एवं केमिकल युक्त रंगों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। डीआईजी और जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सेवा-भाव से व्यवहार करने के निर्देश दिए। इस बार उत्सव को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त रखने का संकल्प लिया गया है तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष दस्तों की तैनाती की जाएगी।

सफाई, स्वास्थ्य और विद्युत कर्मियों को अलग ड्रेस और पास उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके। बरसाना और नंदगाँव के आसपास के सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा। बैठक में डीएफओ, एडीएम वित्त, एसपी ग्रामीण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य होली का अनुभव प्रदान करना है।

Related Articles

Back to top button