शैक्षिक भ्रमण पर आये बच्चों पर मधुमक्खियों ने किया हमला

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के संगम नगरी प्रयागराज में उस समय हड़कंप मच गया जब एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर आए स्कूली बच्चों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। कस्तूरबा गांधी विद्यालय तथा अन्य ब्लॉकों के विद्यालयों के छात्र-छात्राएं चंद्रशेखर आजाद पार्क (कंपनी बाग) में भ्रमण पर आए थे। इसी दौरान खेलते समय अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे कई बच्चे घायल हो गए।
घटना के बाद बच्चों को तत्काल स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) लाया गया, जहां मेडिसिन इमरजेंसी विभाग में उनका उपचार किया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुल 42 बच्चों को लाया गया था। इनमें से 40 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी जा रही है, जबकि दो बच्चों का उपचार जारी है।
डॉक्टरों ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत उपचार शुरू कर दिया गया, जिससे कोई गंभीर या अप्रिय घटना नहीं हुई। सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।





