लखनऊ में बीएसपी विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग ने की छापेमारी

लखनऊ, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह के गोमतीनगर स्थित आवास और कार्यालय पर बुधवार सुबह आयकर विभाग ने छापेमारी की कार्रवाई की। रसड़ा (बलिया) से विधायक उमाशंकर सिंह बसपा के वर्तमान में एकमात्र विधायक हैं, जिससे यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आवास तथा कार्यालय में दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य संबंधित सामग्रियों की जांच शुरू की। टीम द्वारा सभी आवश्यक कागजातों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों या किसी बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह कार्रवाई राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि उमाशंकर सिंह कैंसर से पीड़ित हैं और उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं। वर्तमान में वे अपने लखनऊ स्थित आवास पर आइसोलेशन में रह रहे हैं।

Related Articles

Back to top button