CM योगी ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर दी सभी वैज्ञानिकों को शुभकामनायें

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले देश के सभी वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा है कि महान वैज्ञानिक, नोबेल पुरस्कार से अलंकृत, ‘भारत रत्न’ सर सी.वी. रमन द्वारा खोजे गए ‘रमन प्रभाव’ की स्मृति में मनाए जाने वाले इस दिवस पर आइए हम सभी मिलकर नवाचार एवं अनुसंधान के माध्यम से ‘आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत’ के संकल्प को और सुदृढ़ करें।
गौरतलब है कि आज पूरे देश में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस प्रतिवर्ष 28 फरवरी को महान भौतिकी विज्ञानी सर सी.वी. रमन द्वारा ‘रमन प्रभाव’ की खोज की स्मृति में मनाया जाता है। इस अभूतपूर्व खोज के लिए सर रमन को 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर पूरे देश में विभिन्न विषयों पर आधारित विज्ञान संचार गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय का विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की तरफ़ से नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय स्तर के समारोह का आयोजन किए गए हैं।





