जनता का दिल जीत कर सपा बनायेगी 2027 में सरकार: शिवपाल यादव

इटावा,  समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता का दिल जीत कर सरकार बनाएगी। इटावा में अपने चौगुर्जी स्थित आवास पर यूनीवार्ता से विशेष बातचीत में श्री यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मजबूती के साथ मैदान में सक्रिय हैं और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। उनका कहना था कि चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने कई तरह की तिकड़में कर गलत तरीके से वोट जुड़वाने का प्रयास किया, लेकिन समाजवादी कार्यकर्ताओं ने मेहनत करके सही मतदाताओं के नाम जुड़वाए और गड़बड़ियों को सामने लाने का काम किया।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान है। जीएसटी के नाम पर व्यापारियों और आम लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है तथा युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, जिससे निराशा बढ़ रही है। ऐसे समय में पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे समाज के सभी वर्गों के बीच जाएं, गरीबों और पीड़ितों की समस्याएं सुनें और उनकी मदद करें।

उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों को एकजुट करना होगा और पीडीए के लोगों को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाना होगा। तभी आने वाले चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकेंगे।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि कार्यकर्ता अनुशासन और प्रेम की भाषा के साथ लोगों के बीच जाएं। इसी से जनता का विश्वास जीता जा सकता है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button