तकनीकी खराबी के चलते कोलकाता फ्लाइट देर से रवाना, एक घंटे से ऊपर विमान में बैठे रहे दोनों डिप्टी सीएम

लखनऊ, पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को सोमवार सुबह लखनऊ से कोलकाता जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण करीब एक घंटा 20 मिनट तक विमान में ही इंतजार करना पड़ा। देरी के कारण दोनों उपमुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम से देर से कोलकाता पहुंचे।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट 6E505 को सुबह 7:40 बजे लखनऊ से कोलकाता के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के चलते विमान समय पर रवाना नहीं हो सका। इसी दौरान डिजी यात्रा एप में भी तकनीकी समस्या आ गई, जिससे बोर्डिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई और देरी और बढ़ गई।
फ्लाइट में सवार यात्रियों को करीब एक घंटा 20 मिनट तक विमान के अंदर ही बैठकर इंतजार करना पड़ा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी अन्य यात्रियों के साथ विमान में ही मौजूद रहे। बाद में तकनीकी खराबी दूर होने के बाद विमान सुबह 8:59 बजे लखनऊ से कोलकाता के लिए रवाना हो सका।




