उत्तर प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में हुए क्रांतिकारी सुधार : ए. के. शर्मा

सुलतानपुर,  उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय ऊर्जा क्षेत्र में भारी अव्यवस्था थी। उस समय बिजली की उपलब्धता सीमित थी और आम जनता को लगातार कटौती का सामना करना पड़ता था।

कादीपुर क्षेत्र स्थित मंगलम मैरिज हॉल में कैलाश मानसरोवर दर्शन के उपरांत आयोजित महाप्रसाद भोज कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।

ए. के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन तथा नेतृत्व में प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में बड़े सुधार हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब बिजली उत्पादन, प्रसारण और वितरण व्यवस्था को मजबूत किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक और बेहतर बिजली मिल रही है।

उन्होंने बताया कि मिर्जापुर जिले की मड़िहान तहसील में प्रदेश के चौथे 765 केवी क्षमता वाले विद्युत उपकेंद्र की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्षों में प्रदेश में केवल तीन 765 केवी क्षमता के विद्युत उपकेंद्र स्थापित हुए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने मात्र चार वर्षों में एक और ऐसे उपकेंद्र की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है, जिससे प्रदेश की ऊर्जा क्षमता और मजबूत होगी।

ए. के. शर्मा ने बताया कि वर्ष 2025–26 में सुलतानपुर जिले की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके अंतर्गत 394 अतिरिक्त परिवर्तन यंत्रों की स्थापना, दो अतिरिक्त शक्ति परिवर्तन यंत्रों की क्षमता वृद्धि, दो नए शक्ति परिवर्तन यंत्रों की स्थापना, दो नई 11 केवी विद्युत लाइनों का निर्माण तथा 11 केवी लाइनों के विभक्तिकरण के कार्यों के लिए लगभग 780 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। इन कार्यों पर तेजी से काम चल रहा है और इन्हें मार्च माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी सुलतानपुर जिले में ऊर्जा क्षेत्र में व्यापक निवेश किया गया है। वर्ष 2023–24 में 3626.55 लाख रुपये तथा वर्ष 2024–25 में 4405.82 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विद्युत परियोजनाएं पूरी कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि सुलतानपुर में जनहित से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, कादीपुर विधायक राजेश गौतम सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button