शादी से इंकार करने पर युवती ने जहर खाकर की आत्महत्या, प्रेमी गिरफ्तार

फिरोजाबाद,  उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के मटसैना थाना क्षेत्र में शादी तय होने के बाद युवक के इंकार करने से आहत एक युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि क्षेत्र के गांव हमीरपुर निवासी 19 वर्षीय युवती का पास के गांव खरसोली निवासी नितिन नामक युवक से प्रेम संबंध था। किसी तरह दोनों परिवारों को इसकी जानकारी हुई तो युवती के परिजन भी शादी के लिए तैयार हो गए। दोनों की शादी 22 फरवरी को तय की गई थी। इसी बीच युवक नितिन ने युवती से शादी करने से मना कर दिया, जिससे युवती को गहरा आघात लगा। इसके बाद उसने शनिवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया।

परिजनों को घटना की जानकारी होने पर वे युवती को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नितिन के खिलाफ रिश्ता तोड़ने और युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button