पंडित’ शब्द वाले प्रश्न पर रामगोपाल यादव का योगी सरकार पर हमला

अमरोहा,  समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा के एक प्रश्न को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ब्राह्मण विरोधी करार दिया।

उन्होंने कहा कि “अवसर के अनुसार बदलने वाला” वाक्यांश के लिए दिए गए बहुविकल्पीय उत्तरों में ‘पंडित’ शब्द को शामिल करना आपत्तिजनक है और यह ब्राह्मण समाज का अपमान है। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री की मर्जी के बिना परीक्षा का पेपर सेट नहीं हो सकता, इसलिए यह साजिशन किया गया है।

सपा नेता ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में फर्जी मुठभेड़ों में निर्दोष लोगों, खासकर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है और पुलिस हिरासत में मौत की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने धनौरा सीट से भाजपा विधायक राजीव तरारा पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जब सरकार के विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर भी सवाल उठते हैं।

राम गोपाल यादव ने सैदनगली के दो युवकों की पुलिस मुठभेड़ में मौत को “सीधे-सीधे हत्या” बताते हुए कहा कि वर्ष 2027 में यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो ऐसे मामलों में संरक्षण देने वालों और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराकर जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पश्चिम एशिया में तनाव के बीच एलपीजी आपूर्ति में आई समस्या और गोरखपुर में गैस सिलेंडर भरवाने वालों पर कथित लाठीचार्ज का मुद्दा भी उठाया। साथ ही बदायूं के सैंजनी क्षेत्र में एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में दो अधिकारियों की हत्या को कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल बताया।

प्रो. यादव मंगलवार को सैदनगली में सपा कार्यकर्ता नितिन के निमंत्रण पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र पहले संभल लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा रहा है और वह स्वयं वहां से सांसद रह चुके हैं, इसलिए क्षेत्र के लोगों के लगाव और कार्यकर्ताओं के सम्मान को देखते हुए संसद सत्र के बावजूद यहां आना पड़ा। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाये।

Related Articles

Back to top button