प्रदेश में अगले चार दिन बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

भोपाल, मध्यप्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है और अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और बादल छाने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आज बुधवार को ग्वालियर समेत 13 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में 21 मार्च तक बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव प्रदेश में भी पड़ रहा है। इसके चलते 19 से 21 मार्च के बीच कई स्थानों पर वर्षा होगी और कहीं-कहीं तेज हवा व बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के ऊपर विभिन्न स्थानों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं, जिससे मौसम में यह बदलाव आया है। इसके कारण कुछ क्षेत्रों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है, हालांकि कई जिलों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है।

तापमान की दृष्टि से मंगलवार को खरगोन में सर्वाधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खजुराहो, नरसिंहपुर, रायसेन, मंडला, नर्मदापुरम और खंडवा में भी पारा 37 डिग्री से अधिक रहा। बड़े शहरों में जबलपुर में 36.1 डिग्री, भोपाल में 35.2 डिग्री, इंदौर में 34.9 डिग्री तथा उज्जैन और ग्वालियर में 35.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस सिस्टम के गुजरने के बाद 22 मार्च से फिर गर्मी तेज हो सकती है और महीने के अंतिम सप्ताह में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। आगामी अप्रैल और मई में लू चलने के भी संकेत दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button