नौ वर्षों में बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर, कानून-व्यवस्था और विकास में हुआ बड़ा बदलाव: ब्रजेश पाठक

लखनऊ, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों का आभार जताते हुए कहा कि बीते वर्षों में राज्य ने विकास और सुशासन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।

लखनऊ के लोकभवन में सरकार के नौ साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में श्री पाठक ने यह बात कही । इस दौरान पाठक ने समाजवादी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नौ साल पहले उत्तर प्रदेश की पहचान टूटी सड़कों, अनियमित बिजली आपूर्ति और वीआईपी कल्चर से होती थी। इटावा और रामपुर जैसे जिलों में लंबे समय तक बिजली कटौती आम बात थी। शिक्षा व्यवस्था की स्थिति भी खराब थी और नकल माफिया सक्रिय थे।

उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार में नकल विहीन परीक्षाएं कराई जा रही हैं और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है और मेडिकल कॉलेजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले विद्यालयों की स्थिति दयनीय थी, जबकि अब शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन हुआ है।

उन्होंने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश की छवि “गुंडा स्टेट” के रूप में थी, लेकिन अब कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और संगठित माफिया गिरोहों का खात्मा किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अब महिलाएं देर रात भी बेखौफ बाहर निकल सकती हैं। भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों को पक्का मकान दिया जा रहा है और प्रदेश में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान प्रदेश की स्थिति खराब हो गई थी। उन्होंने जनता से अपील की कि मतदान करते समय इन बातों को ध्यान में रखें।

उप मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश का विकास इसी गति से आगे बढ़ता रहेगा और राज्य देश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button