बंगाल में भी दिखाई देगा ‘पीडीए’ का असर : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को दावा किया कि यूपी की जनता ने ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति को आगे बढ़ाने का संकेत दिया है, वही अब पश्चिम बंगाल में भी लोकतंत्र बचाने के आह्वान के रूप में दिखाई देगा।

अखिलेश यादव ने डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती पर लोहिया पार्क पहुंच कर उन्हे श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पश्चिम बंगाल में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के चुनाव लड़ने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा की रणनीतियों को समझ चुकी है और इस बार भी ममता बनर्जी को समर्थन मिलेगा। उन्होंने ममता बनर्जी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और जनहित की योजनाओं का असर साफ दिखाई दे रहा है। चुनाव में उनकी जीत होगी।

अखिलेश यादव ने समाजवादी विचारधारा पर जोर देते हुए कहा कि भगत सिंह और राजगुरु जैसे क्रांतिकारी समाजवादी सोच से प्रेरित थे। उन्होंने कहा कि देश में अमीर-गरीब की खाई को खत्म करने के लिए समाजवादी नीतियों को लागू करना जरूरी है और उनकी पार्टी डॉ. लोहिया के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। गोरखपुर और बदायूं की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई मामलों में कार्रवाई नहीं हो रही है और सच्चाई सामने नहीं आ रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राजनीति में चल रहे “खेल” का सच समय आने पर सामने आएगा।

ओम प्रकाश राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यदि यह स्पष्ट हो जाए कि कौन किससे मिल रहा है, तो निर्णय लेना आसान होगा। वहीं डॉ. संजय निषाद के भावुक वीडियो पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह “प्रायश्चित है या कुछ और”, यह समय बताएगा।

इस दौरान केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने नरेन्द्र मोदी की बैठकों और नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर है और सरकार आम जनता की बजाय अपने लोगों को फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने निवेश और रोजगार के आंकड़ों को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। अंत में उन्होंने जाति जनगणना की मांग दोहराते हुए कहा कि सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में अधिकार मिलना चाहिए।

Related Articles

Back to top button