दर्शकों की सुविधा के लिए एलएसजी ने लखनऊ में खोले दो बॉक्स ऑफिस

लखनऊ, इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मैचों के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) प्रबंधन ने दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकट व्यवस्था को और आसान बना दिया है। अब ऑनलाइन बुकिंग के साथ-साथ फैन्स ऑफलाइन काउंटर से भी टिकट खरीद सकेंगे।
शहर में दो स्थानों हजरतगंज मेट्रो स्टेशन और प्लासियो मॉल में बॉक्स ऑफिस शुरू किए गए हैं, जहां सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक टिकट उपलब्ध रहेंगे। एलएसजी ने पहली बार एम टिकट (मोबाइल टिकट) की सुविधा शुरू की है। दर्शक बुक माई शो एप के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं और स्टेडियम में प्रवेश के लिए क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे एंट्री पा सकेंगे। इससे काउंटर पर लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
यदि कोई दर्शक मैच देखने नहीं आ पाता है, तो वह एम टिकट को मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले तक अपने किसी करीबी को ट्रांसफर कर सकता है। इसके लिए टिकट में दिए गए ट्रांसफर ऑप्शन का उपयोग कर कॉन्टैक्ट लिस्ट से व्यक्ति का चयन करना होगा। रिक्वेस्ट स्वीकार करते ही नया यूजर अपने मोबाइल पर टिकट देख सकेगा, जबकि पहले यूजर के मोबाइल से टिकट हट जाएगा।
मैच के दिन स्टेडियम के सभी प्रवेश द्वारों पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए अलग से कतार की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।





