भाजपा का ‘डिजिटल प्रशासन’ कागजों तक सीमित: अजय राय

वाराणसी,  मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सहयोग सम्मेलन-2026 को नाटक करार देते हुये कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का डिजिटल प्रशासन सिर्फ कागजो तक सीमित है।

अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा, “बनारस में महानाट्य के मंचन के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का आगमन हुआ, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘डिजिटल प्रशासन’ कागजों तक सीमित है, क्योंकि वाराणसी का ट्रैफिक मैनेजमेंट और नागरिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।”

मोहन यादव के काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने के बाद मैदागिन से गोदौलिया मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। इसको लेकर श्री राय ने तंज कसा, “ आए दिन श्रद्धालुओं के साथ मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन का दुर्व्यवहार एक गंभीर चिंता का विषय है। शहर की अव्यवस्था और आम जनता की परेशानियों के बीच भाजपा नेता यहाँ आखिर क्या सीखने आए हैं। जनता सब देख रही है।”

काशी आगमन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे सीधे गंगा द्वार से होते हुए घाट पर मां गंगा का दर्शन-पूजन करने पहुंचे। काशी विश्वनाथ धाम में अपनाए गए क्राउड फ्लो मैनेजमेंट, अधोसंरचना लेआउट और तीर्थयात्री प्रबंधन की समुचित व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ मंथन कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button