पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में हल्की बारिश, और बारिश होने का अनुमान

नयी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम भारत में बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई।
शहर के बेस मौसम स्टेशन सफदरजंग में सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 2.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शाम के बुलेटिन के अनुसार हल्की श्रेणी की बारिश है।
पालम, रिज, लोधी रोड और आयानगर सहित अन्य स्टेशनों पर भी हल्की बारिश दर्ज की गई जिसमें लोधी रोड पर सबसे अधिक 2.8 मिमी बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दोपहर में दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलने वाली सतही हवाओं की गति 20-25 किमी प्रति घंटा तक रही और शाम व रात में इनके 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है और संभावना है कि दो अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र को प्रभावित करेगा।
इस बीच, दिल्ली के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो साल के इस समय के लिए सामान्य से अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से लगभग एक डिग्री अधिक है।





