प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को करेंगे दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे का उदघाटन

बागपत, उत्तर प्रदेश के बागपत से होकर गुजरने वाले बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तिथि तय कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को सहारनपुर दौरे के दौरान इस परियोजना का शुभारंभ करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा खेकड़ा से अक्षरधाम तक पहले ही चालू किया जा चुका है। पूर्ण रूप से संचालन शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून की दूरी लगभग 235 किलोमीटर से घटकर करीब 212 किलोमीटर रह जाएगी, जिसे ढाई से तीन घंटे में तय किया जा सकेगा। यह एक्सेस कंट्रोल्ड छह लेन एक्सप्रेसवे भारतमाला परियोजना के तहत विकसित किया जा रहा है, जो दिल्ली से शुरू होकर बागपत, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाएगा। भविष्य में इसे आठ लेन तक विस्तारित करने की योजना है।

परियोजना की प्रमुख विशेषताओं में 16 एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, करीब 100 किमी प्रति घंटे की गति सीमा, 12-14 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वन्यजीव कॉरिडोर, 113 अंडरपास और पांच रेलवे ओवरब्रिज शामिल हैं। एक्सप्रेसवे के शुरू होने से यात्रा समय में भारी कमी आएगी और जाम से राहत मिलेगी। साथ ही मसूरी, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा बागपत, शामली और सहारनपुर जैसे क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होने से रियल एस्टेट और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कुछ हिस्सों में निर्माण कार्य अभी जारी है, जिसके चलते परियोजना का पूर्ण प्रभाव आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

Related Articles

Back to top button