आग और बारिश की दोहरी मार से बचाव को अलर्ट, किसानों के लिए एडवाइजरी जारी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और खेत-खलिहानों में बढ़ती आगजनी की घटनाओं के बीच कृषि विभाग ने किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने अधिकारियों को गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं, ताकि फसल नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अधिकारियों से कहा है कि वे लगातार किसानों के संपर्क में रहें और उन्हें हर स्तर पर मार्गदर्शन दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समय लापरवाही से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
कृषि विभाग ने किसानों को सख्त हिदायत दी है कि वे खलिहानों को सिगरेट, बीड़ी और अन्य ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखें। हाल के दिनों में कई जनपदों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे तैयार फसलें जलकर नष्ट हो रही हैं।
विभाग के अनुसार, इस समय सरसों, चना, मसूर और मटर जैसी फसलों की कटाई-मड़ाई का कार्य चल रहा है, जबकि गेहूं की फसल भी तैयार है। ऐसे में बारिश से नुकसान की आशंका बनी हुई है। अधिकारियों के अनुसार किसानों को सलाह दी गई है कि खेत में खड़ी भीगी फसल को एक-दो दिन सूखने दें। कटाई के बाद खेत में पड़ी फसल में पानी न रुकने दें या उसे बांधकर खड़ा कर दें।
विभाग ने अपील की है कि खलिहान में भीगी फसल को तुरंत फैलाकर धूप और हवा लगने दें। दानों को तब तक भंडारित न करें, जब तक उनमें नमी 10 प्रतिशत तक न रह जाए। कृषि विभाग ने भंडारण से पहले गोदाम, बोरों और भंडारण स्थलों का धूम्रीकरण (फ्यूमिगेशन) करने की सलाह दी है, ताकि अनाज सुरक्षित और कीटमुक्त रह सके।





