दहेज के लिये इंजीनियर ने पत्नी को पीटा, गर्भस्थ शिशु की मौत

इटावा, उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में दहेज उत्पीड़न और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गुजरात में कार्यरत एक इंजीनियर ने अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे गर्भस्थ शिशु की मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के सुंदरपुर निवासी प्रीति यादव का विवाह दो वर्ष पूर्व बीबामऊ निवासी विपुल यादव से हुआ था, जो गुजरात की एक कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है।

पीड़िता के भाई विकास यादव ने आरोप लगाया कि विवाह में 25 लाख रुपये दिए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज के रूप में प्लॉट की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर शुक्रवार रात पति, सास और ससुर ने प्रीति के साथ मारपीट की। आरोप है कि पति ने उसके पेट पर लात-घूंसों से हमला किया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।

परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन के बाद मृत गर्भस्थ शिशु को बाहर निकाला। महिला की हालत भी चिंताजनक बताई गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने कहा कि शिक्षित समाज में दहेज के लिए इस प्रकार की हिंसा गंभीर चिंता का विषय है।

Related Articles

Back to top button