वृहत आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी निवेशकों की नजर

मुंबई, अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्ध विराम पर सहमति से घरेलू शेयर बाजारों बीते सप्ताह रही जबरदस्त तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों को नजर वृहत आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी।
आने वाले सप्ताह में अमेरिका और ईरान के बीच स्थायी शांति वार्ता की प्रगति बाजार को सबसे अधिक प्रभावित करेगी। साथ ही घरेलू स्तर पर खुदरा महंगाई, थोक महंगाई और आयात-निर्यात के आंकड़े भी जारी होने हैं जिनका बाजार पर बड़ा प्रभाव देखा जायेगा। निवेशकों की नजर कंपनियों के तिमाही परिणामों पर भी रहेगी।
गत सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 4.230.70 अंक (5.77 प्रतिशत) की साप्ताहिक बढ़त में एक महीने के उच्चतम स्तर 77,550.25 अंक पर बंद हुआ। बाजार में गुरुवार को छोड़कर सभी चार दिन लिवाली का जोर रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक सप्ताह के दौरान 1,337.50 अंक यानी 5.89 फीसदी चढ़कर 24,050.60 अंक पर बंद हुआ। यह इसका भी एक महीने का उच्चतम स्तर है।
मझौली और छोटी कंपनियों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 7.74 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 7.60 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त दर्ज की गयी।
बीते सप्ताह सेसेक्स की 30 में से 26 कंपनियों के शेयर हरे निशान में और अन्य चार के लाल निशान में रहे। एक्सिस बैंक में सबसे अधिक 12.79 प्रतिशत की साप्ताहिक तेजी रही। बजाज फाइनेंस का शेयर 11.86 फीसदी, ट्रेंट का 10.28, बजाज फिनसर्व का 10.24, टाइटन का 9.87, एलएंडटी का 9.58 और अल्ट्राटेक सीमेंट का 9.06 प्रतिशत चढ़ गया।
एशियन पेंट्स में 8.76 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 8.71, इंडिगो में 8.62, मारुति सुजुकी में 8.54, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 8.31, एचडीएफसी बैंक में 7.90, अडानी पोर्ट्स में 7.10 और टाटा स्टील में 6.47 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गयी।
एनटीपीसी का शेयर 5.64, बीईएल का 4.93, भारतीय स्टेट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक दोनों का 4.63, भारती एयरटेल का 4.50, पावरग्रिड का 4.40 औऱ हिंदुस्तान यूनीलिवर का 4.39 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। आईटीसी का शेयर 3.88 प्रतिशत, इटरनल का 3.71, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 3.50 और टीसीएस का 2.97 प्रतिशत चढ़ा।
सनफार्मा का शेयर सबसे अधिक 2.36 प्रतिशत गिर गया। इंफोसिस में भी गिरावट दर्ज की गयी।





