नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच शुरू

भदोही, उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना क्षेत्र के दल्लूपुर (निजामपुर) गांव में रविवार सुबह किशन देवी (22) की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का बताया जा रहा है। बताया गया कि किशन देवी, पुत्री बाबूलाल बिंद, की शादी 25 मई 2025 को जौनपुर जिले के थाना नेवड़िया क्षेत्र के सरैया निवासी अजय बिंद के साथ हुई थी। वह पिछले करीब तीन माह से अपने मायके निजामपुर में रह रही थी।

उसका पति अजय बिंद नवी मुंबई में नौकरी करता है और दो दिन पहले ही पत्नी की विदाई कराने ससुराल आया था। परिजनों के अनुसार शनिवार रात दोनों घर की छत पर सोए थे। रविवार तड़के परिवार के अन्य सदस्य गेहूं काटने खेत चले गए। इसी दौरान सुबह करीब छह बजे सूचना मिली कि किशन देवी ने फांसी लगा ली है।

परिजन उसे तत्काल कछवां क्रिश्चियन हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ औराई ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button