अमेरिका-ईरान में तनाव बढ़ने से शेयर बाजारों में शुरुआती गिरावट

मुंबई, अमेरिका और ईरान के बीच हार्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बढ़ने से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों और रुपये में शुरुआती गिरावट देखी गयी।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,613.09 अंक टूटकर 75,937.16 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 1,530.50 अंक नीचे 76,019.75 अंक पर था। अमेरिका के हार्मुज जलडमरूमध्य को अपने नियंत्रण में लेने के बयान के बाद रुपये पर भी दबाव आया। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया फिलहाल 55 पैसे की गिरावट के साथ 93.38 रुपये प्रति डॉलर पर है।
सेंसेक्स की तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 461 अंक फिसलकर 23,589.60 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 456.60 अंक उतरकर 23,549 अंक पर रहा। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, रियलटी, तेल एवं गैस और रसायन समूहों के सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक गिरे। एफएमसीजी, आईटी, मीडिया, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में एक से दो प्रतिशत तक गिरावट रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में सनफार्मा को छोड़कर अन्य सभी इस समय दबाव में हैं। इंडिगो का शेयर छह फीसदी से अधिक, मारुति सुजुका का चार फीसदी से अधिक और एलएंडटी, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस और अडानी पोर्ट्स के शेयर तीन से चार प्रतिशत टूटे।भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, इटरनल, एक्सिस बैंक और एयरटेल में दो से तीन प्रतिशत की गिरावट रही।




