लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी ने किया गौतमबुद्धनगर में आयोजित’श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026′ का शुभारंभ

लखनऊ/गौतमबुद्धनगर,  अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का भव्य शुभारंभ लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया, जिसमें प्रदेशभर के श्रमिकों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से अनेक योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

शुक्रवार को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम द्वारा बताया गया कि,ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में समारोह का स्थानीय स्तर पर भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से जुड़े श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन स्थल पर श्रमिकों की सुविधा के लिए व्यापक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके योगदान की सराहना की और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर अटल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया तथा श्रमिकों को टूलकिट एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रमिकों ने देखा और सुना। इससे जिले के श्रमिकों को मुख्यमंत्री के विचारों और योजनाओं से सीधे जुड़ने का अवसर मिला।

श्री योगी ने गौतमबुद्धनगर के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। ग्रेटर नोएडा में 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण हेतु सात एकड़ भूमि का आवंटन पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही जनपद में 201 स्थानों पर मेगा हेल्थ कैंप और 25 मोबाइल चिकित्सा वैन (मुख्यमंत्री आरोग्य रथ) का शुभारंभ किया गया।

जेवर में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का वर्चुअल शिलान्यास किया गया तथा औद्योगिक इकाइयों में 79 स्थानों पर डिस्पेंसरी और एंबुलेंस रूम स्थापित करने की पहल की गई। इसके अलावा 4 एएलएस एंबुलेंस, 10 ब्लड एनालाइजर और 43 क्रेच (शिशु कक्ष) का लोकार्पण भी किया गया। पांच नए अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

श्रमिकों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से एक निशुल्क फूड वैन सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत सप्ताह में तीन दिन लगभग 600 श्रमिकों को स्वच्छ, पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विशेष रूप से दूरदराज से आने वाले श्रमिकों को लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button