Breaking News

पैरालम्पिक चैम्पियन सुसी रोजर ने लिया संन्यास

लंदन,  ब्रिटेन की महिला पैरालम्पिक तैराक सुसी रोजर ने अपने छह साल के अंतर्राष्ट्रीय करियर को  अलविदा कह दिया। रोजर ने रियो पैरालम्पिक-2016 में 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। साथ ही 50 मीटर और 400 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया था।

लंदन पैरालम्पिक-2012 में उन्होंने पहली बार खेलों के महाकुंभ में कदम रखा था और तीन कांसे अपने नाम किए थे। बर्लिन में 2011 में हुई यूरोपियन चैम्पियनशिप में उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण किया था। बीबीसी ने रोजर के हवाले से लिखा है, मैं शीर्ष पर रहते हुए खेल से संन्यास लेना चाहती थी। बर्लिन में 2011 में हुई यूरोपियन चैम्पियनशिप में उन्होंने 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था, तब से वह इस स्पर्धा में अपराजित रही हैं।

उन्होंने लगातार तीन बार यूरोपियन चैम्पियनशिप में 100 मीटर और 400 मीटर में स्वर्ण पदक जीते हैं। उन्होंने कहा, यह चुनौतियों, सीखने और खुशी मनाने का सफर था। मैं बड़े टूर्नामेंट में देश का प्रतिनिधित्व करने को लेकर अपने आप को सम्मानित महसूस करती हूं। रोजर कुल 30 अंतर्राष्ट्रीय पदकों के साथ संन्यास ले रही हैं।