Breaking News

भारतीय महिला हॉकी टीम के न्यूजीलैंड दौरे पर कमान रानी को

नई दिल्ली, हॉकी इंडिया  ने  न्यूजीलैंड दौरे के लिए 20 सदस्यीय वरिष्ठ महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। रानी को इस टीम का कप्तान बनाया गया है। इस दौरे की शुरुआत 14 मई से हो रही है, जिसके दौरान भारतीय टीम मिडलैंड्स में पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी। चोटिल होने के कारण आठ माह रिहेबिलिटेशन के बाद वापसी कर रहीं सुशीला चानू पुखरम्बम को उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौपीं गई है।

न्यूजीलैंड दौरे के लिए इस 20 सदस्यीय टीम में युवा खिलाड़ी भी हैं और अनुभवी खिलाड़ी भी। इनमें दीप ग्रेस एक्का, उदिता, सुनीता कालरा, नमिता टोप्पो, सुशीला और गुरकीत कौर शामिल हैं। गोलकीपर की भूमिका सविता को सौंपी गई है। उन्होंने महिला विश्व हॉकी लीग राउंड-2 में शानदार प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के पुरस्कार से भी नवाजा गया था।

इस टीम में सविता के अलावा दूसरे गोलकीपर राजानी एतिमार्पु शामिल हैं। महिला हॉकी टीम के नवनियुक्त कोच शुअर्ड मरेन ने कहा, वरिष्ठ महिला हॉकी टीम ने अच्छे प्रदर्शन के साथ इस सत्र की शानदार शुरुआत की है। उन्होंने साल की शुरुआत बेलारूस के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला को जीत के की थी। इसके बाद उन्होंने चिली को मात देकर महिला विश्व हॉकी लीग के सेमीफाइनल में कदम रखा था।

कोच ने कहा कि टीम का लक्ष्य न्यूजीलैंड दौरे में अच्छा प्रदर्शन करना है। इस दौरे से टीम को जून में होने वाले टूर्नामेंट की तैयारी हेतु काफी मदद मिलेगी। टीम: गोलकीपर: राजानी एतिमार्पु, सविता डिफेंडर: दीप ग्रेस एक्का, उदिता, सुनीता लाकड़ा, गुरजीत कौर, सुशीला चानू पुखरम्बम (उप-कप्तान), नमिता टोप्पो। मिडफील्डर: रितु रानी, लिलिमा मिंज, नवजोत कौर, मोनिका, रेणुका यादव, निक्की प्रधान, रीना खोकर। फारवर्ड: रानी (कप्तान), वंदना कटारिया, प्रीति दुबे, सोनिका, अनुपा बार्ला।