Breaking News

आंधी पानी जल्द दिला सकता है, गर्मी से फौरी राहत

लखनऊ , भीषण गर्मी अौर उमस का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश के बाशिंदो को आने वाले दिनों में आंधी और बारिश होने से फौरी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज रफ्तार आंधी और बारिश के आसार हैं हालांकि सप्ताह के मध्य तक पश्चिमी अंचल के इक्का दुक्का स्थानो पर बूंदाबांदी का अनुमान है।

इस बीच, सूबे के अधिसंख्य क्षेत्रों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा बना हुआ है। भीषण गर्मी और लू से व्यापारिक गतिविधियां भी बुरी तरह प्रभावित हैं। सडकों और बाजारों में सारा दिन सन्नाटा पसरा रहा। गर्म हवा के थपेडों से बचने के लिये लोगबाग सर से पांव तक खुद को ढके रहे।

पिछले 24 घंटे के दौरान वाराणसी,फैजाबाद, इलाहाबाद, कानपुर,लखनऊ, बरेली अौर झांसी मंडल में दिन के तापमान में उल्लेखनीय बढोत्तरी दर्ज की गयी। संगम नगरी इलाहाबाद में अधिकतम तापमान में जबरदस्त उछाल देखा गया

जबकि वाराणसी,फैजाबाद, इलाहाबाद, कानपुर,लखनऊ, बरेली, झांसी और मेरठ में यह सामान्य से अधिक रहा। बांदा राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इस अवधि में राज्य के अधिसंख्य क्षेत्रों में रात के तापमान में खासी बढोत्तरी दर्ज की गयी वाराणसी,फैजाबाद, इलाहाबाद, कानपुर,लखनऊ, बरेली , झांसी और मेरठ में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा। इटावा की रात सूबे में सबसे गर्म रही जहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।