Breaking News

लखनऊ में डेंगू व चिकनगुनिया का प्रकोप

 

 

लखनऊ,  राजधानी लखनऊ में स्वाइन फ्लू की बीमारी के बाद डेंगू व चिकनगुनिया का प्रकोप भी देखने को मिल रहा है। लखनऊ में अब तक 50 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। चिकनगुनिया के भी अबतक लखनऊ शहर में 50 केस मिले हैं। लखनऊ में स्वाइन फ्लू के मरीजों का आंकड़ा जहां एक हजार पार कर चुका है। लखनऊ के विभिन्न अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले कई मरीजों में चिकनगुनिया देखने को मिला है। चिकनगुनिया मलेरिया और डेंगू की तरह ही मच्छर से फैलने वाला रोग है। इस बुखार में जहां पूरे शरीर में ऐंठन होती वहीं, हड्डियों के जोड़ों में तेज दर्द होता है।

लखनऊ के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जी.एस.बाजपेई ने बताया कि लखनऊ में चिकनगुनिया के 50 मरीज मिले हैं। इन मरीजों का इलाज शहर के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कई मरीज ठीक भी हो चुके हैं। चिकनगुनिया से अबतक लखनऊ शहर में एक मौत भी हो चुकी है। वहीं डेंगू से अब तक लखनऊ में 10 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। चिकनगुनिया बीमारी का फैलाव मच्छर के काटने से होता हैं।

चिकनगुनिया फैलाने वाला यह मच्छर जब किसी संक्रमित व्यक्ति को काटता है तो उसकी लार में यह वायरस पहुंच जाता हैं। फिर यह मच्छर के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल जाते हैं। इस रोग से पीड़ित व्यक्ति 09 से 10 दिन तक व्यक्ति रोग फैलाने की क्षमता रखता है। चिकित्सकों के मुताबिक चिकनगुनिया मच्छर से फैलने वाला रोग है। इसके लक्षण बिल्कुल डेंगू की तरह होते हैं। लक्षण पाए जाने पर तुरंत जांच करानी चाहिए। बुखार आने पर पैरासिटामोल दवा दी जाती हैं। चिकनगुनिया से पीड़ित लोगों को पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ का सेवन करना चाहिए।