लखनऊ, दलित छात्र की नृशंस हत्या पर, बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त बताते हुये कहा कि भारतीय जनता पार्टी शासन में इलाहाबाद में दलित छात्र की हत्या कोई नई घटना नही है।
बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बयान जारी कर कहा कि होनहार एलएलबी छात्र की हत्या पूरे दलित समाज के लिए बड़े दुख और चिंता की बात है। मायावती ने कहा कि भाजपा शासन के दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। इलाहाबाद में दलित छात्र की नृशंस हत्या भाजपा शासन में कोई अकेली घटना नहीं है। ऐसी दर्दनाक घटनायें लगातार हो रही हैं। इसके लिये भाजपा की संकीर्ण, जातिवादी एवं नफरत की राजनीति पूरी तरह से दोषी है।
उत्तर प्रदेश में ही नहीं, पूरे देश में अराजकता का माहौल है। सर्वसमाज के पढ़े लिखे युवक रोजगार नहीं मिल पाने के कारण कुण्ठा के शिकार हैं। अपराध बढ़ रहे हैं तथा समाज का तानाबाना भी बिखऱ रहा है। मायावती ने कहा कि राज्य सरकार को दोषियों को सख्त सजा देने के साथ ही पीड़ित परिवार की भी जरूर मदद करनी चाहिए।
मायावती ने कहा कि दिलीप कुमार सरोज की हत्या अकारण ही खुलेआम कर दी गई। उस परिवार की भरपाई किसी भी रूप में नहीं हो सकती है, लेकिन परिवार को सांत्वना की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने बीएसपी के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री राम अचल राजभर को स्थानीय बीएसपी नेताओं के साथ परिवार से मिलने का निर्देश दिया है, ताकि पीड़ित परिवार की यथासंभव मदद की जा सके।
सूत्रों के अनुसार, इलाहाबाद के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट मे खाने के विवाद के बाद कुछ दबंगों ने एलएलबी के छात्र की जमकर पिटाई कर दी । जिसके बाद रेस्टोररेंट के कर्मचारियों ने बुरी तरह से घायल छात्र को इलाज के लिए हास्पिटल में भर्ती करवाया था. कोमा में गए छात्र दिलीप कुमार सरोज की रविवार सुबह मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत मे आयी।