Breaking News

बहुजन समाज पार्टी को बड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी

नई दिल्ली, बिहार विधानसभा चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन करने के बाद बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भरत बिंद आज राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए।

राजद और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की मौजूदगी में यहां श्री बिंद ने बसपा छोड़कर राजद में शामिल होने की घोषणा की। इसके बाद श्री बिंद को राजद की सदस्यता दिलाई गई।

उल्लेखनीय है कि श्री कुशवाहा के राजद नीत महागठबंधन से अलग होने के बाद रालोसपा के प्रधान महासचिव माधव आनंद ने अपना नाता तोड़ लिया था। श्री बिंद का राजद में शामिल होना श्री कुशवाहा के साथ ही बसपा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

बसपा से गठबंधन करने के बाद श्री कुशवाहा ने बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। वहीं, बसपा ने श्री कुशवाहा को अपने गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया।