Breaking News

पड़ोसी जिले में टिड्डी दल के पहुंचने की सूचना के बाद सीमा पर चौकसी

मिर्जापुर , उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर के पडोसी जिला सोनभद्र में फसलों के आंतकी टिड्डी दल पहुंचने के बाद किसानों में चिन्ता की लकीरें खींच गयी हैं।

उपनिदेशक कृषि डॉ अशोक उपाध्याय ने गुरुवार को यहां बताया कि मिर्जापुर में सोनभद्र से लगी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन ने टिड्डियो के नुकसान से किसानों की फसल को बचाने के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। कृषि विभाग के सभी कर्मचारियों के साथ लेखपालो को तैनात किया गया है। गांव गांव में टिड्डियो से फसलों को बचाने के लिए किसानों को जागरूक करने के लिए कैम्प लगाया जा रहा है। टिड्डियों से निपटने के लिए फायर विभाग को तैयार रखा गया है।

उन्होंने बताया कि आंधी-तूफान से किसान अपनी फसलों की बर्बादी से उबरे नहीं है अब इस नयी मुसीबत ने सकते में

डाल दिया है। किसानों की इस समस्या निपटने के लिए जिलाप्रशासन और कृषि विभाग ने कमर कस ली है। एक आपात माइक्रो प्लान तैयार किया है।

डॉ0 उपाध्याय ने बताया कि टिड्डियो के झुंड को रोकने और किसानों की फसल को कम से कम नुकसान के मद्देनजर पूरी तैयारी की गयी है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी बार्डरो पर किसानों को सचेत रहने को कहा गया है। साथ ही साथ क्षेत्र के लेखपालो एवं ग्राम्य विकास अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। कृषि विभाग के सभी कर्मचारियों को इस आपात स्थिति से निपटने के लिए लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि फौरी तौर पर किसानों को इस स्थिति से निपटने के लिए आवाज करने व केमिकल के छिड़काव आदि के विषय में जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि टिड्डी दल दिन में एक सौ से एक सौ बीस किलोमीटर की दूरी तय करते हैं। रात में विश्राम करते हैं। उनका झुंड रात्रि में यात्रा नहीं करता है। यदि समय पर जानकारी मिली तो उन्हें रात में मारा जा सकता है। फायर बिग्रेड को केमिकल छिड़काव के लिए चौबीस घंटे तैयार रखा गया है।

जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने बताया कि टिड्डियो की आशंका की दृष्टि से पूरी तैयारी कर ली गयी है। एक आपात सेल बनाया गया है। जहां चौबीस घंटे जिले की सूचना व स्थिति पर निगरानी की जा रही है। कृषि विभाग के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगे हैं।