Breaking News

सायकिल किसान यात्रा को लेकर, अखिलेश यादव की बड़ी घोषणा

लखनऊ ,  समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सायकिल किसान यात्रा को लेकर बड़ी घोषणा की है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर किसानों के भारत बंद को समाजवादी पार्टी ने पूर्ण समर्थन दिया और कहा कि किसान साइकिल यात्राएं अगले निर्देश तक लगातार चलती रहेगी।
सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने यहां दावा किया कि पुलिस की जगह-जगह रोक-टोक के बावजूद बंद पर कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिलों में जलूस निकाले, ट्रेनें रोकी, बाजार बंद कराया और सड़कों पर धरना दिया। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बाधाएं खड़ी की और उन पर लाठीचार्ज किया। धरना दे रहे नेताओं को सड़क पर बेदर्दी से घसीटा गया। कई नेता-कार्यकर्ता पुलिस द्वारा निर्दयतापूर्ण शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बल प्रयोग से घायल हो गए। नेताओं को घरों में नज़रबंद कर दिया गया।
समाजवादी पार्टी के विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों एवं जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों सहित हजारों कार्यकर्ताओं को आज गिरफ्तार किया गया। अधिवक्ताओं ने अदालतों में कार्य बहिष्कार किया। कई जगह बैलगाड़ी और ट्रैक्टर के साथ प्रदर्शन किया गया।
राजधानी में समाजवादी पार्टी के कई विधायक ने विधान भवन स्थित चौधरी चरण सिंह के प्रतिमा स्थल तक पहुंच कर भाजपा की किसान विरोधी कुनीतियों के खिलाफ मौन धरना दिया। धरने में आनन्द भदौरिया, सुनील सिंह साजन, उदयवीर सिंह, राजपाल कश्यप, वासुदेव यादव, संतोष सनी, आशू मलिक तथा हीरालाल यादव शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने फतेहपुर में देवमई ब्लाक में किसान साइकिल यात्रा का नेतृत्व किया।